ललितपुर

 व्यापार मंडल ने चिकित्सकों पर लगाए गए लाइसेंस शुल्क और सरचार्ज में राहत की मांग उठाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने नगर पालिका द्वारा वर्ष 1997 में निजी चिकित्सकों, क्लीनिकों, अस्पतालों, पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों पर लगाए गए लाइसेंस शुल्क संबंधी गजट का पुनर्विचार कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1997 में नगर पालिका द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस शुल्क लागू किया गया था, जिसके तहत लगभग 55 चिकित्सकों एवं क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। मामला विवादित रहने के कारण अधिकांश चिकित्सक शुल्क जमा नहीं कर सके। व्यापार मंडल ने मांग की कि वर्षों से लंबित शुल्क पर लगाए गए सरचार्ज को समाप्त कर निर्धारित समयावधि में मूल शुल्क जमा करने की अनुमति दी जाए। संगठन का कहना है कि यदि सरचार्ज में राहत दी जाती है तो अधिकांश चिकित्सक शुल्क जमा करने के लिए तैयार हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गजट में क्लीनिक शब्द का व्यापक रूप से उल्लेख है। एक ही क्लीनिक अथवा अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए पैथोलॉजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में एक ही परिसर में संचालित विभिन्न सेवाओं पर अलग-अलग लाइसेंस शुल्क लगाना न्यायसंगत नहीं है और यह गजट की मूल भावना के विपरीत प्रतीत होता है। व्यापार मंडल ने यह भी उल्लेख किया कि शासन की गाइडलाइन में लाइसेंस शुल्क की अलग-अलग श्रेणियां प्रस्तावित थीं, लेकिन स्थानीय स्तर पर एकरूप शुल्क लागू कर दिया गया, जिससे छोटे स्तर पर क्लीनिक संचालित करने वाले चिकित्सकों को भी बड़े अस्पतालों के समान शुल्क देना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि इससे छोटे चिकित्सकों के साथ अन्याय हुआ है और शुल्क निर्धारण में पुनर्विचार की आवश्यकता है। संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की कि उक्त तीनों बिंदुओं को नगर पालिका की बोर्ड बैठक में रखकर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए तथा जनहित में उचित निर्णय लिया जाए। इस अवसर पर प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, जिला अध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष महेश जैन मोनू, जिला महामंत्री अनिल जैन बवड़ी, प्रदेश मंत्री नवीन सिंघई, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक जैन अनौरा, मंडल महामंत्री अनिल जैन अंचल, प्रांतीय सदस्य अभय जैन एडवोकेट, लखन अग्रवाल, डॉ. प्रीतम सराफ, मुकेश जैन परवार, आलोक जैन मयूर, मनोज सोनी मज्जू, राजीव सुडेले, राहुल मोदी, अंकित सतभैया, रिक्की पटना, अजय जैन देवगढ़, विनोद जैन विनी, शुभम जैन पिंटू सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button