
डीएम से लगाई न्याय की गुहार, जांच कर कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। समाज कल्याण विभाग के एक कर्मचारी पर विकलांग व्यक्ति से साइकिल दिलाने और पेंशन संबंधी कार्य कराने के नाम पर रुपये लेने तथा बाद में पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीडि़त ने जिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विकास खण्ड जखौरा क्षेत्र के ग्राम घिसौली निवासी जाफर पुत्र शिवराज ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व सांसद द्वारा वितरित की गई विकलांग साइकिल उसे मिली थी, जो कुछ समय बाद खराब हो गई। इसके बाद वह नई साइकिल प्राप्त करने के लिए समाज कल्याण विभाग के कार्यालय पहुंचा था। पीडि़त का आरोप है कि विभाग में कार्यरत कर्मचारी अशोक शर्मा ने उसे हाथ से चलने वाली विकलांग साइकिल दिलाने का आश्वासन देते हुए वर्ष 2023 में 2500 रुपये लिए थे। इसके बाद मार्च 2026 में नई साइकिल उपलब्ध कराने के नाम पर उससे फिर से 5 हजार रुपये रुपये लिए गए। कर्मचारी ने भरोसा दिलाया था कि नई साइकिल आते ही उसे प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करा दी जाएगी। शिकायतकर्ता के अनुसार काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो साइकिल मिली और न ही कोई संतोषजनक जानकारी दी गई। आरोप है कि गुरुवार को जब वह समाज कल्याण विभाग के कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से अपने रुपये वापस मांगने लगा तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि कर्मचारी ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस से जेल भिजवाने और जान से मारने की धमकी दी। भयभीत होकर वह वहां से निकल आया। पीडि़त ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर अपने द्वारा दिए गए कुल 7500 रुपये वापस दिलाने तथा संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



