गाजियाबाद

नेशनल प्रेस टाइम्स की खबर का असर

पचायरा में अवैध रेत खनन पर एस डी एम लोनी का छापा, लोडर जब्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के गांव पचायरा में यमुना नदी के खादर क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत खनन के मामले में नेशनल प्रेस टाइम्स में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आए। बुधवार सुबह उपजिलाधिकारी  लोनी दीपक सिघनवाल पुलिस टीम के साथ यमुना नदी के खादर में मौके पर पहुंचे और अवैध खनन  कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ छापेमारी की।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध रेत खनन में लगे लोग अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर मौके पर  ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस और प्रशासन ने मौके से खनन कार्य में प्रयुक्त लोडर वाहन को जब्त कर लिया, लेकिन इस अवैध कारोबार से जुड़े लोग टीम के हाथ नहीं आ सके।
छापेमारी के दौरान एक रोचक घटनाक्रम भी सामने आया। पचायरा गांव के खादर क्षेत्र में पहुंचते ही पुलिस जीप खराब हो गई, जिसके बाद जब्त किए गए लोडर वाहन को स्वयं SDM दीपक सिघनवाल चलाकर बाहर लेकर आए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यमुना नदी के खादर में अवैध रेत खनन का कार्य लंबे समय से जारी था और यह सब पुलिस की कथित सांठगांठ के बिना संभव नहीं था। लोगों का कहना है कि अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुए। यदि समय रहते रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाती तो इस अवैध धंधे से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता था।
यमुना नदी में हो रहा अवैध रेत खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि लोनी के पचायरा गांव स्थित यमुना खादर में अवैध रेत खनन की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। नेशनल प्रेस टाइम्स द्वारा मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद हुई यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button