जालौन
दिव्यांग की पीड़ा सुनते ही विधायक ने मिलाया सीएमओ को फोन
पमा में आयोजित रात्रि चैपाल में गूंजीं विकास की मांगें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। ग्राम पंचायत पमा में आयोजित रात्रि जन चैपाल केवल सरकारी योजनाओं के प्रचार का मंच नहीं रही, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भी उदाहरण बनी। चैपाल के दौरान जब एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी परेशानी विधायक गौरी शंकर वर्मा के सामने रखी तो उन्होंने बिना देर किए मौके पर ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को फोन लगाया और दिव्यांग प्रमाण पत्र सही ढंग से बनवाने के साथ शासन की सभी पात्र सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक की इस पहल से चैपाल में मौजूद लोगों ने राहत महसूस की और तालियों से उनका स्वागत किया। विधायक ने कहा कि दिव्यांगजनों के अधिकारों के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस जन चैपाल में ग्रामीणों ने भी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने पमा से सालाबाद तक संपर्क मार्ग निर्माण की मांग रखी, जबकि दमा गांव के ग्रामीणों ने बरसात में होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए सड़क और पुलिया निर्माण की आवश्यकता बताई। ग्रामीणों ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से पमा तक जाने वाली जर्जर सड़क की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि खराब सड़क के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। चैपाल का एक प्रेरणादायक दृश्य तब देखने को मिला जब गांव के बच्चों और छात्राओं ने खेल मैदान की मांग रखी। छात्राओं ने कहा कि यदि खेल मैदान बनाया जाए तो बेटियों को भी खेल सुविधाओं का समान अवसर मिले, जिससे ग्रामीण प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें। भीषण गर्मी और उमस के बाबजूद देर रात तक चली चैपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक गौरी शंकर वर्मा ने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीता पटेल, प्रधान प्रतिनिधि राकेश पटेल, ग्राम प्रधान आलोक वर्मा, खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार यादव, सचिव संगीता यादव, एबीएसए ज्ञान प्रकाश अवस्थी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।

