जालौन
लौना में बहू-बेटी सम्मेलन सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का बना प्रेरक मंच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। मिशन शक्ति अभियान के तहत ग्राम लौना में आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का एक प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति केंद्र, जालौन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरियों ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान उपस्थित बहुओं और बेटियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा महिला सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह निषेध, महिला हेल्पलाइन सेवाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
महिलाओं और किशोरियों को सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया गया। सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा महिला उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आशा बहुओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को महिला पुलिस कर्मियों द्वारा सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण की मिसाल बताया गया।
सम्मेलन में शामिल महिलाओं एवं किशोरियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला प्रयास बताया। ग्राम लौना की ओर से किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई, जो क्षेत्र में सकारात्मक सामाजिक वातावरण का संकेत माना गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक के निर्देशन में उपनिरीक्षक निसार अहमद, महिला आरक्षी रेणुका सिसोदिया, महिला आरक्षी शिवानी यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शैलेन्द्र सिंह एवं उनके सहयोगियों ने एसओपी के अनुरूप सम्मेलन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।


