जालौन

कोटरा थाना दिवस में डीएम, एसपी ने फरियादियों से लिया फीडबैक 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कोटरा (जालौन)। थाना कोटरा सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान थाना दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने केवल नई शिकायतें ही नहीं सुनीं, बल्कि पिछले संपूर्ण समाधान थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं शिकायतकर्ताओं से सीधे दूरभाष पर संपर्क कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया। इस दौरान 10 शिकायतकर्ताओं से रेंडम फीडबैक लिया गया, जिसमें सभी ने अपने प्रकरणों के निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने ऐंधा निवासी ममता देवी से दूरभाष पर वार्ता करते हुए स्वयं का परिचय दिया और पूछा कि पूर्व में की गई शिकायत का निस्तारण होने के बाद क्या वह संतुष्ट हैं। ममता देवी ने स्पष्ट रूप से बताया कि उनकी समस्या का समाधान हो चुका है और वह पूरी तरह संतुष्ट हैं। इसी प्रकार विनोरा निवासी कमलेश से भी बातचीत कर शिकायत के निस्तारण की पुष्टि की गई, जिन्होंने भी प्रशासन की कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मुगलानाघाट निवासी बृजमोहन से दूरभाष पर संपर्क कर उनकी पूर्व शिकायत के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि कहीं किसी प्रकार के दबाव में आकर तो संतुष्टि नहीं व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की विश्वसनीयता तभी मजबूत होगी जब शिकायतकर्ता स्वयं यह महसूस करे कि उसकी समस्या का निष्पक्ष समाधान हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील व्यवहार और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस अवसर पर एसएचओ विमलेश कुमार आदि सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कोटरा पुल पर दो स्थानों पर मिले गड्ढे, तीन दिन में करायें मरम्मत
जनपद में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कोटरा-गुरसरांय मार्ग पर वेतवा पुल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल पर दो स्थानों पर गड्ढे पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही माना। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीन दिनों के भीतर दोनों स्थानों पर स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ अथवा कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही एवं समयबद्धता अनिवार्य है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान यातायात सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button