जालौन
आईजीआरएस में फर्जी निस्तारण और लापरवाही पर लेखपाल निलंबित
जिलाधिकारी की वर्चुअल समीक्षा में खुली अनियमितताएं

एसडीएम की जांच में आरोप सही मिलने पर हुई कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए जिलाधिकारी ने आईजीआरएस संदर्भों की वर्चुअल समीक्षा के दौरान तहसील जालौन के लेखपाल नीटू यादव द्वारा शिकायतों का सही निस्तारण न करने की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुये लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
समीक्षा में यह भी पाया गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सीमांकन व ओलावृष्टि संबंधी शिकायतों का नियमानुसार तथ्यात्मक निस्तारण किए बिना सरसरी तरीके से उनका निस्तारण सिंह दिया गया है। क्रॉस जांच में शिकायतकर्ता से संवाद में मामला सही पाया गया। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी जालौन राकेश सोनी को संबंधित लेखपाल के विरुद्ध जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी द्वारा की गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद तहसीलदार जालौन की संस्तुति पर लेखपाल नीटू यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित लेखपाल द्वारा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लगातार लापरवाही बरती गई। ओलावृष्टि राहत प्रकरण में भी आवश्यक अभिलेखों एवं प्रभावित किसानों के बैंक खातों का सही विवरण समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे राहत सहायता वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रशासन द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बाबजूद अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया। जिलाधिकारी ने कह कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की फर्जी रिपोर्टिंग, तथ्यों को छिपाने या शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जन शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि में नीटू यादव का मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय, जालौन निर्धारित किया गया है। बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। विभागीय जांच के लिए नायब तहसीलदार, जालौन को जांच अधिकारी नामित किया गया है।


