जालौन
आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग, मोहल्लेवासियों ने दिया प्रार्थना पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगम्मनपुर के वार्ड नंबर-4 के निवासियों ने आम रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर निवासी हरेंद्र सिंह चंदेल, राकेश कुमार राठौर, समरजीत राठौर, सोना राजपूत, नरेश सिंह, शिव कुमार,भगवान सिंह, सुरजीत, मुना सिंह चंदेल, धर्मेंद्र सिंह चंदेल, गुड्डू सिंह चंदेल आदि ग्रामीणों ने रामपुरा थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि अरविन्द राठौर ने अपने खरीदे गए कच्चे मकान से अधिक भूमि पर निर्माण कर लिया है और अब सार्वजनिक रास्ते की ओर चबूतरा बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित मकान का मुख्य प्रवेश द्वार पूर्व दिशा की ओर है, जबकि दक्षिण दिशा में नया गेट और सीढ़ियां बनाकर आम रास्ते पर अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि रास्ते पर चबूतरा बनाया गया तो लोगों के आवागमन और वाहनों के निकलने में कठिनाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कच्चे मकान में दक्षिण दिशा की ओर कोई गेट नहीं था, जिसे अब दबंगई के बल पर बना लिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने थाना प्रभारी से मांग की है कि संबंधित भूमि की बैनामे के आधार पर पैमाइश कराई जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाए तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए। प्रार्थना पत्र पर मोहल्ले के कई लोगों के हस्ताक्षर हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।



