जालौन

हरदोई राजा ग्राम पंचायत में 87 लाख 64 हजार का भयंकर घोटाला

प्रधान शिखा सिंह, तत्कालीन सचिव राहुल सिंह को भेजा नोटिस

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विकास खंड के ग्राम पंचायत हरदोई राजा में वर्ष 2024-25 के ऑडिट के दौरान ग्राम पंचायत के अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम प्रधान और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर व्यय की गई लगभग 87.64 लाख रुपये की धनराशि के अभिलेख प्रस्तुत करने अथवा नियमानुसार धनराशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत हरदोई राजा में पंचम राज्य वित्त आयोग, 15वें केंद्रीय वित्त आयोग एवं मनरेगा मद से वर्ष 2024-25 में कुल 87,64,118 रुपये का व्यय दर्शाया गया हैं। जिसमें पंचम राज्य वित्त और 15वां केंद्र वित्त से 20,71,118 और मनरेगा के अंतर्गत 66,93,000 रुपये खर्च किए गए। ऑडिट के दौरान संबंधित व्यय से जुड़े अभिलेख, व्यय वाउचर और अन्य आवश्यक पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। जिला लेखा परीक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए कार्रवाई की गई है। नोटिस में ग्राम प्रधान शिखा सिंह एवं तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव राहुल सिंह को निर्देशित किया गया है कि वे नियमानुसार निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित धनराशि का अभिलेखीकरण करें अथवा आदेशानुसार धनराशि जमा करें। आदेश में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन न होने की स्थिति में दोनों से ब्याज सहित संयुक्त रूप से वसूली की जाएगी और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने दोनों पक्षों से ग्राम निधि खाते में धनराशि जमा करने के प्रमाण, कैशबुक, बैंक स्टेटमेंट, व्यय प्रमाणक एवं अन्य अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश की अवहेलना होने पर उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम एवं अन्य नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button