जालौन
शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग को मुख्यमंत्री ने किया पूरा
सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशीलःगौरीशंकर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। परिषदीय शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ देने की दिशा में बुधवार को तहसील सभागार में कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। लंबे समय से शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग चली आ रही थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा कर बड़ी सौगात दी है। इससे अब शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता किए बिना बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने कहा कि यह योजना शिक्षा परिवार के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। यह निर्णय शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी, राकेश निरंजन, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विद्यासागर मिश्र आदि रहे।



