जालौन

लापरवाही नहीं ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, बिजली चोरी पर चलेगा अभियान 

101 ट्रांसफार्मरों की शीघ्र आपूर्ति 

सरकारी नलकूपों को तीन दिन में ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारु, निर्बाध एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता प्रथम एवं द्वितीय, ट्रांसमिशन, वर्कशॉप, विद्युत विजिलेंस सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विद्युत आपूर्ति, ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, जर्जर लाइनों, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता तथा बिजली चोरी की रोकथाम की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज एवं फाल्ट की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में बताया गया कि जनपद में ट्रांसफार्मरों की कुल 488 मांग के सापेक्ष अब तक 387 ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति की जा चुकी है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष 101 ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सरकारी नलकूपों के लिए आवश्यक 10 ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता आगामी तीन दिनों के भीतर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। जिलाधिकारी ने बिजली चोरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध रूप से कटिया डालकर विद्युत चोरी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी (सीओ), अधिशासी अभियंता तथा विद्युत विजिलेंस की संयुक्त टीम विशेष अभियान चलाकर विद्युत चोरी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। इसी प्रकार तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी, एसडीओ एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम भी नियमित अभियान चलाकर विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाए। बरसात के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्युत लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की समयबद्ध छंटाई कराई जाए तथा जर्जर विद्युत लाइनों एवं अन्य तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़े प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, त्वरित कार्रवाई और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रथम जितेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता द्वितीय महेंद्र नाथ भारती आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button