बेतुल
बैतूल दिल्ली की घटना के विरोध में बैतूल में कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन
राहुल गांधी-प्रियंका गांधी पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण बैतूल ने गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निलय डागा के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के विपरीत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राजकुमार (राजू) चौबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि देशभर के छात्र शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध कर रहे थे। उनके समर्थन में पहुंचे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग किए जाने की खबरें सामने आई हैं, जो संविधान की भावना के अनुरूप नहीं हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने, विरोध प्रदर्शन करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। ऐसे में जनता और युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाना लोकतंत्र की मूल भावना पर गंभीर आघात है। कांग्रेस ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता जता रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
– राष्ट्रपति से चार प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की है कि नई दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, वरिष्ठ नेताओं और छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों पर अनावश्यक बल प्रयोग पर रोक लगाने, छात्रों की शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने तथा नागरिकों के अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राजकुमार (राजू) चौबे के साथ मोनू बड़ोनिया, हर्षवर्धन धोटे, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे, मुकेश यादव, दीनू राठौर, विजय मोहबे, मनीष पटेल सोनू राठौर, दानिश पारिख, राहुल, परेश, उमाशंकर दीवान, सिराज पठान, तरुण पाटिल, मोहसिन खान, विजय मोखेड़े, धन्नू, गोलू भूमरकर, प्रकाश धोटे, सुभाष पवार, अनूप जयसवाल, राकेश गुप्ता, शुभम दीवान, शंकर तुमराम, मनीष चक्रवान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




