
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उरई दौरा जिले के लिए कई मायनों में अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने करीब दो घंटे 10 मिनट के प्रवास के दौरान जिले को 1200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात, मंच निर्माण और जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सूचना विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर दोपहर 12.40 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वे सड़क मार्ग से 12.45 बजे जिला खेल मैदान पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। समीक्षा के दौरान विशेष रूप से उरई, कालपी और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी। विभिन्न विभागों के अधिकारी मुख्यमंत्री के समक्ष योजनाओं की स्थिति का प्रस्तुतीकरण देंगे। मुख्यमंत्री के दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 1200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण है। प्रशासन के अनुसार इन परियोजनाओं में कई महत्वपूर्ण सरकारी भवन शामिल हैं। इनमें चार सरकारी भवनों के साथ सदर तहसील भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से जिले में प्रशासनिक सेवाओं, राजस्व व्यवस्था और आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है। समीक्षा और लोकार्पण कार्यक्रम लगभग दोपहर 1.45 बजे तक चलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा स्थल से उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन लगभग एक घंटे तक चलने की संभावना है। मुख्यमंत्री अपने भाषण में प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख कर सकते हैं। साथ ही जिले के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी जनता के सामने रख सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम की निगरानी स्वयं झांसी मंडल के आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी राजीव राज तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो। सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लाइन से लेकर जिला खेल मैदान तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जाएगी। बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी कार्यक्रम स्थल की लगातार जांच कर रहे हैं।


