साहेबगंज
कोटालपोखर में ड्यूटी के दौरान एएसआई पर चाकू से हमला,अभियुक्त गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ड्यूटी के दौरान एक युवक ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।जिसमें कोटालपोखर थाना में पदस्थापित एएसआई हेमंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्हें तत्काल उपचार के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया।जहां उनका इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पलासबोना गांव में एक युवक नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है और लोगों के बीच दहशत फैला रहा है।सूचना पर एएसआई हेमंत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस जब युवक को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिससे एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।घायल एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका इलाज जारी है।बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है तथा उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।



