दिल्ली

त्योहारों से पहले Amazon का बड़ा नेटवर्क विस्तार

20 फुलफिलमेंट और 150 डिलीवरी स्टेशन जुड़ेंगे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली ऑनलाइन खरीदारी की मांग को देखते हुए Amazon ने भारत में अपने ऑपरेशनल नेटवर्क के अब तक के सबसे बड़े विस्तार की घोषणा की है। कंपनी देशभर में 20 नए फुलफिलमेंट सेंटर, छह सॉर्ट सेंटर और 150 नए लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन शुरू कर रही है। इससे कंपनी की कुल स्टोरेज क्षमता 50 प्रतिशत बढ़कर 64 मिलियन घन फुट हो गई है।

नए फुलफिलमेंट सेंटर में वाराणसी, रांची और रायपुर के केंद्र भी शामिल हैं, जहां पहली बार Amazon का फुलफिलमेंट सेंटर शुरू होगा। कंपनी का विस्तार खासतौर पर गैर-मेट्रो शहरों पर केंद्रित है। सात नए फुलफिलमेंट सेंटर और सभी छह नए सॉर्ट सेंटर गैर-मेट्रो शहरों में शुरू किए जाएंगे।

चिक्कबल्लापुर, हासन, मेरठ, रामनगर, रायपुर और वाराणसी में नए सॉर्ट सेंटर शुरू किए जाएंगे। इससे कंपनी का कुल सॉर्टेशन क्षेत्र 25 प्रतिशत बढ़कर करीब 30 लाख वर्ग फुट हो जाएगा।

इसके अलावा 118 शहरों में 150 नए लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन जोड़े गए हैं। इनमें आसनसोल, बठिंडा, बीकानेर, कोयंबटूर, गया, इटावा, जौनपुर, जूनागढ़, मदुरै, नेल्लोर, पुरी और सिलीगुड़ी सहित कई शहर शामिल हैं। भोजपुर, बोकाजान, जालौन, जहानाबाद, नामसाई, पुरुलिया, री-भोई, सेनापति, शिवसागर, उदलगुरी, उखरुल और वोखा में पहली बार Amazon का डिलीवरी स्टेशन पहुंचा है।

कंपनी के अनुसार, नेटवर्क विस्तार से पिछले एक साल में सेम-डे डिलीवरी की पहुंच 30 प्रतिशत अधिक शहरों तक बढ़ी है। यह विस्तार भारत में ऑपरेशन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए घोषित 2,800 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का हिस्सा है।

Amazon के ऑपरेशंस के वीपी अभिनव सिंह ने कहा कि कंपनी ग्राहकों और सेलर्स के करीब पहुंचने तथा तेज और भरोसेमंद डिलीवरी देने के लिए लगातार निवेश कर रही है। त्योहारी सीजन से पहले किए जा रहे इस विस्तार से बढ़ती मांग को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।

कंपनी के मुताबिक, त्योहारी सीजन के दौरान 400 शहरों में 1.6 लाख से अधिक सीजनल रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इनमें मेट्रो के साथ टियर-2 और टियर-3 शहर भी शामिल हैं। इसके अलावा Amazon Now अब 55 से अधिक शहरों में 750 से ज्यादा स्टोर के जरिए मिनटों में डिलीवरी उपलब्ध करा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button