गोड्डा
गोड्डा में मासिक अपराध गोष्ठी, एसपी ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने वाहन दुर्घटना, चोरी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों को अलग-अलग स्थानों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। अवैध शराब, कोरेक्स, गांजा समेत मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ छापेमारी कर दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा गया। मोटरसाइकिल चोरी गिरोह पर विशेष निगरानी, चोरी और गृहभेदन के मामलों के उद्भेदन तथा चोरी के सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। साथ ही बैंक, एटीएम, ज्वैलरी शॉप और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की समीक्षा करने को कहा गया।बैठक में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंट और कुर्की के मामलों के निपटारे तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग और अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया। महिलाओं से जुड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल रिस्पॉन्स और सभी मामलों की जानकारी समय पर सीसीटीएनएस में दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।




