बाराबंकी

खेत में फसल काट रहे परिवार के सामने अचानक आया तेंदुआ, मची भगदड़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बाराबंकी। शरीफाबाद गांव में तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को खेत में फसल काट रहे एक परिवार के सामने अचानक तेंदुआ आ जाने से अफरातफरी मच गई। तेंदुआ कुछ देर तक ग्रामीणों की ओर बढ़ता रहा, जिसके बाद शोर मचाने पर वह जंगल की तरफ भाग गया।
ग्रामीण रामजीत कश्यप के मुताबिक, खेत में काम करने के दौरान जंगल की ओर से पहले गुर्राने की आवाज सुनाई दी और एक अजीब गंध महसूस हुई। कुछ ही देर बाद सामने तेंदुआ दिखाई दिया। अचानक तेंदुए को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे। इसी दौरान रामजीत ने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो महीने से इलाके में तेंदुए की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अब तक आधा दर्जन से अधिक वन्यजीवों का शिकार किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो दिन पहले क्रिकेट मैदान में तेंदुए द्वारा नीलगाय पर हमला कर उसे मार डालने की बात भी ग्रामीणों ने बताई।
लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खेतों में काम करने वाले लोग अकेले जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तत्काल निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button