
69 युवाओं को किया गया शॉर्टलिस्ट, छह निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार के निर्देश पर शनिवार को जिला नियोजनालय जामताड़ा के सौजन्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) करमाटांड़ परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला नियोजन पदाधिकारी मो. जावेद अंसारी एवं अन्य अतिथियों ने किया।
मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी मो. जावेद अंसारी ने कहा कि रोजगार मेला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता एवं अहर्ता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिला नियोजनालय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने वैसे युवाओं से, जिन्होंने अब तक नियोजनालय में अपना निबंधन नहीं कराया है, झार नियोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निबंधन कराने की अपील की। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की छह कंपनियों ने भाग लिया। इनमें शिवम कॉर्पोरेट लिमिटेड चेन्नई, बजाज लाइफ इंश्योरेंस जामताड़ा, केके एंटरप्राइजेज जामताड़ा, एबी इंडिया आदित्यपुर सरायकेला तथा रेड गार्ड कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कोलकाता सहित अन्य नियोजक शामिल रहे।
आयोजन के दौरान कुल 55 युवाओं का ऑनस्पॉट चयन किया गया, जबकि 69 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस मौके पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य शंकर हजारी, उच्च वर्गीय लिपिक जय प्रकाश सिन्हा, यूएनडीपी के प्रवीण प्रकाश, विभिन्न कंपनियों के प्रबंधक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




