बहराइच
महसी सम्पूर्ण समाधान दिवस में मिलीं 49 शिकायतें,मौके पर सिर्फ 4 का निस्तारण, जमीन विवाद की आयीं अधिकतर शिकायतें

बहराइच : महसी में उपजिलाधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से केवल 4 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
उदवापुर की रमपता ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 वर्ष पूर्व सालिक राम से खरीदी गई जमीन पर राम खेलावन ने मड़हा बना लिया है। वह बगल में गड्ढा खोदकर मछली पालन कर रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
लोधन गोलवा गांव की सुसमा और अब्दुल कलाम ने महमूद फार्म के पास अवैध निर्माण की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के इशारे पर उनके नातेदारों ने गाटा संख्या 820, 821 की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है।
चंदपाइया के डिहुवा निवासी मंगन विहारी ने बाबूलाल पर बैनामा की गई जमीन पर दीवार न बनाने देने का आरोप लगाया। इस मामले को सीओ महसी ने तहसील मुख्यालय चौकी प्रभारी को सौंप दिया है।
उपजिलाधिकारी आलोक प्रसाद ने सभी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सीओ डी के श्रीवास्तव, बीडीओ हेमंत कुमार यादव, नायब तहसीलदार अनिल प्रकाश शुक्ल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



