अमरोहा
अस्पताल कर्मचारी से लूट
तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 30 हजार रुपए छीने, पुलिस के सामने से हुए फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला में एक निजी अस्पताल के कर्मचारी से तीन बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। न्यू आस्था नर्सिंग होम में कार्यरत विवेक कुमार खाना खाने के बाद हाईवे किनारे टहल रहे थे।लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक विवेक के पास आए। उन्होंने चौपला चौराहे का रास्ता पूछा। जैसे ही विवेक ने रास्ता बताया, एक बदमाश ने बाइक से उतरकर उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाशों ने विवेक से 30,300 रुपए छीन लिए। पीड़ित ने बताया कि यह राशि अस्पताल संचालक ने भवन स्वामी को देने के लिए दी थी।
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की
बदमाश भानपुर फाटक की तरफ भाग निकले। वहां दो पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। बदमाश उनके सामने से निकल गए, लेकिन पुलिसकर्मियों को घटना की भनक तक नहीं लगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। न ही इस बारे में कोई जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई घटना हुई है तो मामले की जांच की जाएगी।


