
– इस बार मवेशी अस्पताल परिसर में लगेगा भव्य मेला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा/गोड्डा : पथरगामा हटिया स्थित मां काली मंदिर में आगामी काली पूजा को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, काली पूजा समिति के सदस्यों द्वारा पूरे मंदिर परिसर की सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि इस वर्ष मेला वृहद स्तर पर और अधिक व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जा सके। समिति ने बताया कि हर वर्ष मंदिर परिसर में मेला लगाने के लिए जगह की कमी हो जाती थी, जिससे श्रद्धालुओं और दुकानदारों को असुविधा होती थी। इस बार समिति ने बेहतर व्यवस्था के लिए मवेशी अस्पताल की ओर का पूरा क्षेत्र जेसीबी मशीन की सहायता से समतल कराया है। वहां बड़े पैमाने पर साफ-सफाई की जा रही है ताकि मेले के लिए अधिक स्थान उपलब्ध कराया जा सके।काली पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पथरगामा का काली मेला बरसों पुराना है और यहां माँ काली की पूजा अत्यंत भव्य और श्रद्धापूर्वक की जाती है। यह मेला क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक बन चुका है, जहां आसपास के कई गांवों और प्रखंडों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन हेतु पहुँचते हैं। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस बार मेला को और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में
बिजली, प्रकाश सजावट, भजन-कीर्तन, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में काली पूजा को लेकर उत्साह चरम पर है, वहीं समिति के सदस्य यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि इस बार का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य और सुव्यवस्थित हो सके।


