उन्मुखीकरण कार्यशाला सतत परिश्रम और अनुशासन से ही सफलता संभव: उपायुक्त
Orientation Workshop Success is possible only through continuous hard work and discipline: Deputy Commissioner

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पाकुड़ में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में शामिल होने वाली छात्राओं के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सतत परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग, निरंतर अभ्यास और पुनरावृत्ति पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक पहल एवं विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग से इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर होगा। परीक्षा संबंधी सुझाव देते हुए उपायुक्त ने छात्राओं से कहा कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें, शांत एवं एकाग्रचित्त होकर परीक्षा दें तथा प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही उत्तर लिखें। उन्होंने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों से दूर रहने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रश्न का उत्तर पूर्ण रूप से ज्ञात न हो, तो उससे संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को अवश्य लिखें। साथ ही उत्तर पुस्तिका में स्वच्छ, स्पष्ट एवं व्यवस्थित लेखन तथा आवश्यकतानुसार आरेख और फ्लोचार्ट के उपयोग पर भी बल दिया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने एमडीए-आईडीए अभियान (10 फरवरी से 25 फरवरी, 2026) की जानकारी देते हुए छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा सेवन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया (हाथी पांव) एक गंभीर लेकिन पूर्णतः रोके जाने योग्य बीमारी है, जिसे दवा के नियमित सेवन से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं दवा का सेवन करें और अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और जिले के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी छात्राओं से आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होकर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एडीपीओ श्री पीयूष कुमार, एपीओ श्री रघुवर तिवारी, एपीओ श्री राजेश कुमार एवं विद्यालय की प्रभारी वार्डेन सहित अन्य उपस्थित थे।


