गुरु पूर्णिमा पर स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज को किया समर्पित
On Guru Purnima, volunteers dedicated the saffron flag

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार। जिला के बारियातू प्रखणड मुख्यालय स्थित सांय शाखा परिसर मे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने परंपरानुसार भगवा ध्वज को गुरु स्वरूप मानकर समर्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज स्थापना व ध्वज प्रणाम से हुई, जिसमें सभी स्वयंसेवकों ने एक साथ भाग लिया। खंड कार्यवाह सोनू कुमार ने राष्ट्रभक्ति गीत देश हमें देता है सब कुछ, हम भी कुछ देना सीखें प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को देशसेवा के प्रति प्रेरित किया।सह जिला कार्यवाह सत्येन्द्र प्रसाद ने अपने संबोधन में गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में गुरु का स्थान ईश्वर के समान है। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति असंभव है। संघ के स्वयंसेवक भगवा ध्वज को गुरु मानकर हिंदू धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए स्वयं को समर्पित करते हैं। इस मौके पर पलामू विभाग संघचालक जानकी नंदन राणा, खंड बौद्धिक प्रमुख जितेंद्र राम, आयुष कुमार, सिद्धार्थ राज, अनमोल कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।



