कांग्रेस ने आयोजित किया प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम, मतदाता अधिकार और मनरेगा पर जोर
Congress organised block level dialogue programme, emphasis on voter rights and MNREGA

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। उधवा प्रखंड अंतर्गत अमानत घाट मदरसा प्रांगण में जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान की अध्यक्षता में दिवसीय प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम थे। इस दौरान डॉ. आलम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान दिलाने का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के नाम पर मतदाता सूची से योग्य नागरिकों का नाम काटने की साजिश की जा रही है, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। डॉ. आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम करें। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों को लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त करने की कोशिशों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी हाल में कमजोर नहीं होने देगी। जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के सुख-दुख में खड़ी रही है। उन्होंने उधवा प्रखंड में मनरेगा और मतदान से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता का ज़िक्र किया और कार्यकर्ताओं को संघर्ष जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने तथा नाम कटने से बचाने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया। वहीं, जिला महासचिव सह जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर हीरालाल साहा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है और कांग्रेस इसे सफल नहीं होने देगी। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने मनरेगा में काम न मिलने, भुगतान में देरी और स्थानीय अधिकारियों की मनमानी जैसी समस्याएं रखीं। डॉ. आलम ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, उधवा प्रखंड अध्यक्ष बदरूद दोजा, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान, जिला महासचिव सह जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर हीरालाल साहा, ऐनुल हक, रबीउल इस्लाम, नवीद अंजुम, दिलदार आलम, नेहाल अख्तर, अब्दुल करीम, अभिजीत केडिया, फिरोज आलम, शाहिद हाफिज, मोइनुल हक, फारूक समसी, मुक्लेसुर रहमान, मोहम्मद बदरुद्दीन, अब्दुल खालिक, हन्नान सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस ने इस बैठक के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि जनता के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।



