झारखण्ड में पत्रकारों की चुनौतियों और डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता पर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न
Jharkhand: State-level workshop on challenges faced by journalists and credibility of digital media concludes

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पिपरवार, चतरा । 14 फरवरी 2026 शनिवार को सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के बचरा ऑफिसर क्लब में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन पिपरवार नगर कमेटी द्वारा “डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता एवं चुनौतियां” विषय पर एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, साहिबगंज एवं पाकुड़ के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णा नंद भारती ने कहा कि पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता। डिजिटल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके पत्रकारों को कोड ऑफ कंडक्ट का पालन करते हुए निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि झारखंड देश का एकमात्र राज्य है, जहां पत्रकारों को पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और अन्य योजनाओं जैसी कोई सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से पत्रकारों की भौतिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की और इसके लिए संगठित होकर आवाज़ बुलंद करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथियों में सीसीएल के जीएम ईएंडटी एसके सिंह, झामुमो सिमरिया विधानसभा प्रभारी मनोज चन्द्रा, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, महालक्ष्मी कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज राजु भाई पटेल, आरवीएम केंद्रीय उपाध्यक्ष इकबाल हुसैन, मुखिया रीना देवी और सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संपूर्णा नंद भारती ने की, जबकि संचालन रविंद्र कुमार सिंह और मासूम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, उसके बाद बचरा हाई स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों का सम्मान फूलों, अंग वस्त्र, शाल और मोमेंटो देकर किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकारों की समस्याओं, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और पत्रकारिता में निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। सभी जिलों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने इस कार्यशाला को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी दिखाई।

