नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र की कस्बा चौकी अंतर्गत मुस्तफाबाद, अली गार्डन कॉलोनी (निठौरा रोड) में 27 फरवरी को एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला तूल पकड़ रहा है इसमें घायल की पहचान सलीम पुत्र नूर हसन (उम्र 50 वर्ष) के रूप में हुई है। सलीम ने सोशल मीडिया पर कुछ सवाल उठाए थे इसके बाद ही रमजान माह में नमाज अदा कर लौट रहे सलीम पर अज्ञात हमलावरों ने गर्दन पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सलीम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने विशेष टीम गठित की है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्र में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने घटना को गंभीर बताते हुए इसकी जांच किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही। विधायक ने इस घटना को आतंकवादी कृत्य करार देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।



