प्रजापति समाज का 35वाँ वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह : मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालैनी/पिलाना बागपत : महर्षि प्रजापति शिक्षा समिति शुकतीर्थ के तत्वावधान में रविवार को 35वाँ वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह पिलाना भट्टे के समीप हरिराम दूध डेयरी पर भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति ने विभिन्न जनपदों से आए प्रजापति समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
शिक्षा ही सफलता की कुंजी : धर्मवीर प्रजापति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति ने कहा कि –
“युवा मन लगाकर पढ़ें। शिक्षा ही एकमात्र माध्यम है जिससे सब कुछ हासिल किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि आज प्रजापति समाज का युवा हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। कभी कांग्रेस पार्टी ने समाज को नहीं पहचाना था, लेकिन आज समाज की ताकत को देखकर विपक्षी दलों को भी समाज की याद आ रही है।
समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के आयोजक विनोद सुखरालिया ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए वे हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि “श्री हरिराम प्रजापति यूथ क्लब” का गठन किया गया है, जो युवाओं को समाजहित कार्यों में सक्रिय रूप से जोड़ने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर मंच पर अशोक प्रजापति, संजय प्रजापति, पंडित जयभगवान शर्मा, सोनपाल, पूजा साहनिया, अनुज, बाबूराम प्रजापति, वेदप्रकाश प्रजापति, प्रिंस, अरुण, निखिल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
दारा सिंह प्रजापति का तीखा बयान
राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि –
“आज की सरकार को 99 प्रतिशत वोट देने वाले समाज के लोग सरकार के बंधुआ मजदूर नहीं बन सकते। अपनी हिस्सेदारी मांगो, जब तक सरकार तुम्हें बराबरी का हक न दे तब तक वोट मत दो।”
गौर करने वाली बात यह रही कि उस समय भाजपा सरकार में मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति भी मंच पर मौजूद थे।
शिक्षा के लिए बनेगा ट्रस्ट
समारोह में समाज के जिम्मेदार लोगों ने घोषणा की कि एक ट्रस्ट बनाया गया है। जिसके माध्यम से प्रजापति समाज के ऐसे बच्चों की मदद की जाएगी जो पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से फीस जमा करने में असमर्थ हैं। इच्छुक छात्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
रोशनगढ़ में हुआ मंत्री का भव्य स्वागत
समारोह में शिरकत करने के लिए जब मंत्री धर्मवीर प्रजापति रोशनगढ़ गाँव पहुँचे तो वहाँ लोगों ने छतों से फूल बरसाकर औरतों ने गुड़ और छाछ पिलाकर पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया। मंत्री का स्वागत देखकर पूरा गाँव उत्साह से झूम उठा। इस मौके पर तेजवीर, अनिल, मनोज, सतपाल, पवन, शंकरदयाल, जोगाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



