मेरठ

बायोटेक्नोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी के नए छात्रों के लिए एमआईईटी में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

-अतिथि वक्ताओं और पूर्व छात्रों ने दिए सफलता के सूत्र, छात्रों को नवाचार व करियर अवसरों की मिली जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। एमआईईटी, मेरठ के बायोटेक्नोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विभाग में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नवागंतुक छात्रों का स्वागत करने हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को संस्थान की दृष्टि, मिशन, मूल्यों और शैक्षणिक संस्कृति से परिचित कराना तथा उन्हें उत्साहपूर्वक अपनी शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ करने के लिए प्रेरित करना था।
विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश सिंह ने छात्रों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. नेहा वर्मा और डॉ. कृतिका त्रिपाठी के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन समारोह संपन्न हुआ।
मुख्य संबोधन में प्रमुख अतिथि सौमिल शर्मा (लैब हेड, एडवांस रिसर्च एंड एनालिटिकल सर्विसेज), विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश सिंह और निदेशक डॉ. एस.के. सिंह ने छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नवाचार और समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशेष सत्रों में नमामि शर्मा ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) के प्रति जागरूक किया, जबकि मोहिनी प्रीतम सिंह ने नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अटल कम्युनिटी इन्नोवेशन सेंटर और इंडिया लैब की विस्तृत जानकारी दी।
पूर्व छात्र शीलवर्धन और दीपाली ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को करियर निर्माण और आत्मविश्वास के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
अपने विशेष व्याख्यान में सौमिल शर्मा ने “बायोटेक्नोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में करियर के अवसर” विषय पर बोलते हुए कहा की यह कार्यक्रम छात्रों को नए वातावरण में ढलने, अपनी जिम्मेदारियों को समझने और संस्थान द्वारा उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान करता है।”
कार्यक्रम में डॉ. आशीमा, डॉ. दिव्या चौधरी, डॉ. सोनिया शर्मा, डॉ. शिप्रा चौधरी, डॉ. सुबीर कुमार बोस सहित संकाय सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button