मुरादाबाद
ठगी का नया तरीका पोस्ट ऑफिस और कोरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर कर रहे ठगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। साइबर ठगों ने ठगी का एक नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। वे पोस्ट ऑफिस या कोरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते हैं और कहते हैं कि उनके भेजे गए पार्सल या कोरियर में कुछ रुपये कम जमा हुए हैं। इसी बहाने वे लोगों से ओटीपी लेकर खातों से बड़ी रकम उड़ा रहे हैं।
ओटीपी बताया और खाते उड़े 55 हजार रुपए
सिविल लाइंस निवासी एक डॉक्टर ने हाल ही में दिल्ली के लिए एक कोरियर भेजा था। दो दिन बाद डॉक्टर के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को पोस्ट ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका कोरियर नहीं पहुंच पाएगा क्योंकि उन्होंने दस रुपये कम जमा किए हैं। ठग ने कहा कि यदि वे तुरंत दस रुपये का भुगतान कर देंगे तो पार्सल पहुंच जाएगा।
डॉक्टर ने ठग की बात पर विश्वास कर लिया और लिंक खोलकर ओटीपी साझा कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद उनके बैंक खाते से 55 हजार रुपये कट गए। जब उन्होंने बैंक और पोस्ट ऑफिस से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि यह एक ठगी का मामला था।
एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि ऐसे दो मामले सामने आए हैं। यह ठगी का नया तरीका है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जांच की जा रही है।



