पेयजल सप्लाई का समय बदलने पर किया विरोध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। कस्बा भुसावर में जलदाय विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति के समय में अचानक किए गए बदलाव से कानूनगो कॉलोनी, बरपाड़ा कॉलोनी और वार्ड संख्या 17 व 18 के निवासी परेशान हैं। इस मनमानी व्यवस्था के विरोध में दर्जनों महिलाएं उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
महिलाओं ने उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि पिछले कई वर्षों से इन कॉलोनियों में कुंडा जलाशय से प्रातःकाल पेयजल की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे सभी लोग संतुष्ट थे। लेकिन पिछले दो दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के आपूर्ति का समय बदलकर देर शाम कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हो रही है।
कॉलोनीवासियों ने मांग की कि पेयजल आपूर्ति की पुरानी व्यवस्था को ही बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जलदाय विभाग उनकी मांगें नहीं मानता है, तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने महिलाओं की समस्या सुनने के बाद दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।



