बागपत

बड़ौत कोतवाली में वीर क्रांतिकारी बाबा शाहमल की प्रतिमा का गरिमामय अनावरण

राष्ट्रभक्ति, शौर्य और महिला सुरक्षा के संकल्प के साथ हुआ ऐतिहासिक आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : जनपद बागपत की ऐतिहासिक धरती उस समय भावनाओं और गर्व से सराबोर हो उठी, जब बड़ौत कोतवाली परिसर में वीर क्रांतिकारी बाबा शाहमल की प्रतिमा का भव्य एवं गरिमामय अनावरण किया गया। समारोह में मेरठ जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भानु भास्कर (IPS), कलानिधि नैथानी (IPS) तथा जनपद बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय (IPS) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जनपद के तमाम पुलिस अधिकारीगण, पुलिसकर्मी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। पूरे परिसर में देशभक्ति के नारों और बाबा शाहमल के जयघोष ने वातावरण को श्रद्धा, सम्मान और उत्साह से भर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कलानिधि नैथानी (IPS) ने कहा कि बाबा शाहमल का बलिदान नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग समाज में सुरक्षा, न्याय और विश्वास को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और ऐसे आयोजन पुलिस व जनता के रिश्तों को और सुदृढ़ बनाते हैं।
भानु भास्कर (IPS) ने अपने संबोधन में बाबा शाहमल के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महान वीरों की स्मृति हमें कर्तव्यपथ पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल में कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था में मिले गरिमामय सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े आयोजनों की सफलता पुलिस और समाज के सामूहिक सहयोग से ही संभव होती है। उनका अनुभव और नेतृत्व पुलिस बल को सदैव प्रेरित करता रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की “मिशन शक्ति” मुहिम को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई तथा समाज से आह्वान किया कि महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
एसपी सूरज कुमार राय (IPS) ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के गौरवशाली इतिहास और सकारात्मक मूल्यों को संरक्षित करने की जिम्मेदारी भी निभाती है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और उपस्थित जनसमूह ने बाबा शाहमल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कई लोगों की आंखें नम दिखीं और युवाओं में राष्ट्रभक्ति का उत्साह स्पष्ट नजर आया। समारोह के अंत में सभी ने एक साथ खड़े होकर राष्ट्रीय गीत गाया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा और कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button