करमाटांड़ में भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाई गई ईद, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद
Eid was celebrated with brotherhood and harmony in Karmatand, people exchanged greetings after the prayers.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
करमाटांड़, जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में ईद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बस्तियों में सुबह से ही ईद की रौनक देखने को मिली। करमाटांड़ बस्ती, बिराजपुर, नवाडीह, बरियारपुर, बागबेर, सीताकाटा, बरमुंडीह, डुमरिया, कुरुवा, शुबडीडीह और तरकोजोड़ी सहित दर्जनों गांवों की मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन, तरक्की तथा भाईचारे की दुआ मांगी। त्योहार के मौके पर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। नए कपड़े पहनकर बच्चे ईद की खुशियों में झूमते नजर आए। वहीं, लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयों और मिठाइयों का आनंद लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशियों का माहौल बना रहा। ईद के इस पावन अवसर पर सामाजिक एकता की भी मिसाल देखने को मिली, जहां सभी धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और सौहार्द का संदेश दिया। उधर, त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए करमाटांड़ प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। कुल मिलाकर, करमाटांड़ प्रखंड में ईद का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



