
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा : प्रखंड क्षेत्र में ईद का पर्व आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महागामा विधानसभा की विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विभिन्न ईदगाहों और गांवों का दौरा कर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह कसबा, सुंदरचक और गोरगवां सहित कई क्षेत्रों में पहुंचीं, जहां उन्होंने बहनों, माताओं और भाइयों से मुलाकात कर खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और क्षेत्र में अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ की। समरी पंचायत भवन में आयोजित ईद मिलन समारोह में भी मंत्री ने शिरकत की, जहां मुखिया मिनहाज आलम ने उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि जनता का प्यार और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कामना की कि क्षेत्र में हमेशा मोहब्बत और भाईचारा कायम रहे और हर घर खुशियों से रोशन हो। मंत्री के आगमन से इलाके में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की।



