ललितपुर
जाखलौन स्टेशन व रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त ने किया सघन निरीक्षण
तीसरी लाइन परियोजना में सुरक्षा, तकनीक और धरोहर संरक्षण पर विशेष जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना तीसरी लाइन परियोजना के अंतर्गत जाखलौन रेलवे स्टेशन एवं जाखलौन-धौर्रा रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर क्षेत्र) प्रणजीव सक्सेना द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जाखलौन स्टेशन परिसर, ओएफसी रूम, एएसएम रूम एवं रिले रूम का बारीकी से अवलोकन किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त ने सुरक्षा मानकों, सिग्नलिंग व्यवस्था एवं संचालन प्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही जाखलौन-धौर्रा रेलखंड पर स्थित लेवल क्रॉसिंग (एलसी) गेट, ट्रैक एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ट्रैक की गुणवत्ता, संरक्षा व्यवस्था एवं संचालन की दक्षता का परीक्षण कर परियोजना के मानकों को परखा। निरीक्षण के दौरान आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस रेलखंड में ट्रैक पर पैडिंग की उन्नत तकनीक अपनाई गई है, जिससे ट्रेनों के संचालन के दौरान कंपन में कमी आती है और आसपास स्थित ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित होता है। इसी क्रम में बिलमोरी (चांदपुर) स्थित प्राचीन बेलमणि जैन मंदिर सहित अन्य धरोहर स्थलों का भी अवलोकन किया गया, ताकि रेल परियोजना के चलते इन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस अवसर पर सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा.नसीम अख्तर भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण तीसरी लाइन परियोजना को सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण व धरोहर अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



