जालौन
चतेला में प्रस्तावित आयोजन को लेकर विरोध, एसडीएम को सौंपा गया शिकायती पत्र
सोशल मीडिया पर भी उठा विरोध, शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। ग्राम चतेला में प्रस्तावित एक संदिग्ध आयोजन को लेकर क्षेत्र में विरोध की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। इस संबंध में हिन्दू संगठनों के द्वारा थाना दिवस के अवसर पर एक विस्तृत शिकायती पत्र तैयार कर उपजिलाधिकारी कालपी को सौंपा गया है, साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम चतेला, परगना कालपी में 26-27 अप्रैल 2026 के आसपास एक आयोजन प्रस्तावित है, जिसके प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर एवं अन्य सामग्री क्षेत्र में प्रसारित की जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वर्ष 2025 में भी इसी प्रकार के आयोजन का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे प्रशासन ने संभावित विवाद को देखते हुए अनुमति नहीं दी थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस बार आयोजन का नाम और स्वरूप आंशिक रूप से बदला गया है, जिससे प्रशासन को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि आयोजन की प्रकृति पूर्ववत बताई जा रही है। प्रार्थीगण ने आशंका जताई है कि इससे क्षेत्र में सामाजिक तनाव उत्पन्न हो सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। प्रार्थना पत्र के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि प्रस्तावित आयोजन की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शांति भंग होने की संभावना हो तो तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की भी मांग की गई है। यह शिकायती पत्र नीलाभ शुक्ला (हिन्दू जागरण मंच) एवं दीपक शर्मा (शिव शक्ति अखाड़ा जिला प्रमुख) प्रार्थीगण द्वारा उपजिलाधिकारी कालपी मनोज कुमार को सौंपा गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


