
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरदौली में शनिवार सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका प्रकाशरानी (28 वर्ष) पत्नी विकास, निवासी इंद्रानगर उरई, का मायका ग्राम बरदौली, कोतवाली कालपी क्षेत्र में है। मृतका के पिता का नाम श्रीकिशन साहू बताया गया है। बताया जा रहा है कि प्रकाशरानी का विवाह वर्ष 2019 में हुआ था और शादी को लगभग 7 वर्ष पूर्ण हो चुके थे। उसकी एक 6 वर्ष की बच्ची भी है, जो अपनी मां के साथ ही रहती थी। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसका मामला पारिवारिक न्यायालय उरई में विचाराधीन है। इसी कारण वह पिछले करीब 6 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। बताया गया है कि वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं कोतवाली कालपी प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



