
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। ग्राम पंचायत सुढार में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी नमामि गंगे योजना जमीनी स्तर पर विफल होती नजर आ रही है। गांव में बनाई गई पानी की टंकी अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिसके चलते पिछले करीब 20 दिनों से ग्रामीणों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में अब तक नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। मजबूरी में लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांव में बिछाई गई पाइपलाइन भी कई स्थानों पर जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा और निम्न गुणवत्ता का किया गया, जिसके कारण योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है।
लगातार बनी हुई इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की टंकी चालू कराई जाए और सभी घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।
सरकार द्वारा हर घर पानी पहुंचाने के दावों के बीच सुढार गांव की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी योजनाओं का खामियाजा आखिर कब तक उन्हें भुगतना पड़ेगा।



