जालौन

बुंदेलखंड विकास निधि से बना कक्ष बना खतरा, लाखों खर्च के बाद भी उपयोग लायक नहीं

नवनिर्मित कक्ष की तीनों बीमों आयीं दरारों के साथ छत में आया झुकाव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जगम्मनपुर (जालौन)। श्री राजमाता वैश्नी जूदेव इंटर कॉलेज, जगम्मनपुर किला में बुंदेलखंड विकास निधि से निर्मित एक कक्षा भवन निर्माण के तुरंत बाद ही अनुपयोगी साबित हो रहा है। लाखों रुपये की लागत से तैयार इस कक्ष की स्थिति इतनी जर्जर बताई जा रही है कि विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्रों के लिए जानलेवा करार दिया है।
विद्यालय परिसर में लंबे समय से छात्रों के बैठने की समस्या बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों से कक्ष निर्माण की मांग की जा रही थी। क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन के प्रयासों से वर्ष 2024-25 में बुंदेलखंड विकास निधि के तहत लगभग 10 लाख रुपये की लागत से इंटर कॉलेज ग्राउंड में पानी की टंकी के पास एक विशाल कक्ष का निर्माण कराया गया। लेकिन निर्माण पूरा होते ही गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। बताया गया है कि जैसे ही कक्ष की छत के नीचे लगी सटरिंग हटाई गई, उसकी तीनों बीमों में दरारें पड़ गईं और छत में झुकाव आ गया। इससे भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय के प्रबंधक राजा सुकृत शाह ने बताया कि कक्ष की खतरनाक स्थिति को देखते हुए एहतियातन अभी तक उसमें छात्रों को बैठने की अनुमति नहीं दी गई है। उनका कहना है कि इस कक्ष में बैठना छात्रों के लिए जोखिम भरा हो सकता है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने इस मामले में निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों में भी इस घटिया निर्माण को लेकर नाराजगी है और सरकारी धन के दुरुपयोग पर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button