
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर लोनी विधानसभा क्षेत्र के राम विहार, बंथला में भगवान जगन्नाथ जी की प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ किया गया। क्षेत्र में पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भगवान जगन्नाथ धाम मंदिर समिति और क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों के सहयोग से आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ संपन्न कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 23 अप्रैल को निकाली जाने वाली भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

