जालौन
कृषि गोष्ठी आयोजित, विशेषज्ञों ने किसानों को बताए संतुलित उर्वरक प्रयोग के तरीके

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। किसान क्लब शालाबाद में शनिवार को “उर्वरक का समुचित प्रयोग कैसे करें” विषय पर कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि ज्ञान केंद्र रूरा मल्लू के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मुस्तफा अहमद सहित कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग एवं आधुनिक खेती की जानकारी दी।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. मोहम्मद मुस्तफा अहमद, डॉ. मंजुल पांडे, डॉ. विक्टर जोशी एवं डॉ. राजकुमारी ने कहा कि किसानों को अपनी भूमि का परीक्षण कराने के बाद ही संतुलित मात्रा में उर्वरक का प्रयोग करना चाहिए। इससे जहां उत्पादन में वृद्धि होती है, वहीं भूमि की उर्वरा शक्ति भी लंबे समय तक बनी रहती है। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि ढैंचा, सनई एवं मूंग का हरी खाद के रूप में प्रयोग कर खेती की लागत को कम किया जा सकता है तथा मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जैविक विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय किसान राघवेंद्र नगाईच, रामकिशोर पुरोहित, ललिया महाराज, भूपेंद्र सिंह (शालाबाद), महेंद्र सिंह यादव (जालौन) सहित सालाबाद एवं सुधार क्षेत्र के लगभग 50 किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया।


