जालौन
जालौन-हरदोई मार्ग बना ‘झूमरी तलैया’ गड्ढों और फटी पाइपलाइन से सड़क हुई जलमग्न
हर पल हादसे का खतरा

मौत का रास्ता बनी शहर की प्रमुख सड़क, गैस एजेंसी के पास जानलेवा गड्ढों से राहगीर परेशानय प्रशासन पर फूटा गुस्सा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर का अत्यंत व्यस्त जालौन-हरदोई मार्ग इन दिनों बदहाली की चरम सीमा पर पहुंच चुका है। झांसी मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क अब सड़क कम और झुमरी तलैया’ अधिक नजर आने लगी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव ने इस मार्ग को पूरी तरह खतरनाक बना दिया है।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब मार्ग पर करीब चार से पांच स्थानों पर पाइपलाइन फटने से लगातार पानी बहने लगा। पानी गड्ढों में भरकर सड़क को तालाब में तब्दील कर रहा है, जिससे वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं दे रही और दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह नगर का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग पूरी तरह बेपरवाह बना हुआ है। गड्ढों में भरे पानी के कारण कई बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेष रूप से गैस एजेंसी के पास बने विशाल गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सड़क मरम्मत, पाइपलाइन दुरुस्ती और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता तो यह मार्ग किसी भी दिन बड़े हादसे का खतरा है।


