जालौन

सर्राफा व्यापारी ग्राहकों को पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने को करें प्रोत्साहितःडीएम

व्यापारियों ने दिया आश्वासन देश की अर्थव्यवस्था को संबल देने के लिए सरकार का हर संभव करेंगे सहयोग

24 कैरेट खरा सोना बलियन एवं बार की बिक्री सीधे ग्राहकों को नहीं करेंगे
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। रविवार को प्रधानमंत्री की बुलियन, सोना न खरीदने की अपील के आह्वान एवं मुख्यमंत्री (उत्तर प्रदेश) के निर्देशों के अनुपालन में आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य कर विभाग जनपद जालौन द्वारा जनपद के सर्राफा व्यापारियों, ज्वैलर्स एसोसिएशन, बुलियन कारोबारियों, तथा व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के मध्य एक बैठक का आयोजन किया गया है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करना, विदेशी मुद्रा भंडार पर आ रहे दबाव को कम करना और सोने के आयात को नियंत्रित करना है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित व्यापारियों को विदेशी मुद्रा पर आए वैश्विक दबाव के विषय में विस्तार से समझाया गया और यह अपेक्षा की गई कि सभी व्यापारी देश हित में स्वेच्छा से सोने व चांदी की बुलियन (ईट, बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करेंगे। इस संबंध में सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन एवं स्थानीय व्यापारियों द्वारा अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की गई तथा आश्वासन दिया गया कि वह 24 कैरेट खरा सोना बलियन एवं बार की बिक्री सीधे ग्राहकों को नहीं करेंगे, ग्राहकों को घर में रखी पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। व्यापारियों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि युद्ध के कारण उपजी वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए वे देश की अर्थव्यवस्था को संबल देने के लिए सरकार का हर संभव सहयोग करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा व्यापारियों को हर संभव प्रयास के माध्यम से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने आश्वासन देते हुए बैठक में शासन द्वारा की गयी अपील के अनुसार कार्य करने हेतु आह्वान किया गया। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह राही, जलशक्ति मंत्री अरविंद चैहान, राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त अमित कुमार यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा, सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार सरोज, राज्य कर अधिकारी सचिन आनन्द, सर्राफा एसोसियेशन के अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता, प्रभंजन सर्राफा अग्रवाल कोंच, आशीष अग्रवाल सहित सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button