जालौन
पंचनद संगम पर गंदगी का साम्राज्य, श्रद्धालुओं में असंतोष

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जगम्मनपुर (जालौन)। जनपद के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल पंचनद संगम इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। दूर-दराज जनपदों एवं अन्य प्रदेशों से आने वाले श्रद्धालु संगम स्थल की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्ता को देखने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन यहां फैली अव्यवस्था उनके मन को निराश कर रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि संगम स्थल के आसपास जगह-जगह फैली गंदगी और सड़क किनारे ग्रामीणों द्वारा लगाए गए गोबर घूरों के ढेर तीर्थ स्थल की छवि को खराब कर रहे हैं। धार्मिक स्थल पर प्रवेश करते ही वातावरण में स्वच्छता के बजाय अव्यवस्था दिखाई देती है, जिससे श्रद्धालुओं में असंतोष बढ़ रहा है। संगम तीर्थ पर भ्रमण करने के लिए आए यात्रियों का कहना है कि पंचनद जनपद जालौन का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। बाहर से आने वाले लोग यहां की स्थिति देखकर जिला प्रशासन, विकासखंड रामपुरा की सफाई व्यवस्था तथा स्थानीय ग्राम पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि खंड विकास अधिकारी रामपुरा और सहायक विकास अधिकारी पंचायत तत्काल संगम क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही सड़क किनारे लगे गोबर घूरों को हटवाकर तीर्थ स्थल की सुंदरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि पंचनद संगम की धार्मिक गरिमा और पहचान सुरक्षित रह सके।


