
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के पार्टी छोड़ने की अटकलों को लेकर पार्टी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बड़ा दावा किया है। दस्तीदार ने कहा कि करीब 20 सांसदों ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के समर्थन का फैसला लिया है। उन्होंने दावा किया कि इसे लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र भी भेजा गया है।तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर घिरा राजनीतिक संकट अब और गहराता जा रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद 58 विधायकों की बगावत से जूझ रही टीएमसी को अब संसद में भी बड़ा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस में टूट की अटकलों पर सोमवार को पार्टी की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने मुहर लगा दी है। सांसद काकोली घोष ने कहा है कि मेरे साथ टीएमसी के करीब 20 सांसदों ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है। काकोली घोष ने कहा कि 20 टीएमसी सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजकर एनडीए के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई गई है। वरिष्ठ पार्टी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि लगभग 20 टीएमसी सांसदों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के समर्थन के लिए लोकसभा अध्यक्ष को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है।



