संभल

यातायात नियमों की जानकारी से जागरूक हुए बच्चे हेल्पिंग सोसाइटी में विशेष सत्र आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/चंदौसी। अमन खुराना हेल्पिंग सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित निस्वार्थ ग्रीष्मकालीन कंप्यूटर कक्षा-2026 के 11वें दिन मोमेंटम लाइब्रेरी हॉल में बच्चों के लिए विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे और बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

सोसाइटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष अमन खुराना ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को सामाजिक जागरूकता, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारियों का ज्ञान देना भी बेहद आवश्यक है। संस्था का उद्देश्य बच्चों को न्यूनतम शुल्क में बेहतर सुविधाओं के साथ तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सलोनी खुराना ने कहा कि शिक्षित और जागरूक बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। शिक्षा के साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों की समझ भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। इस दौरान हेड कांस्टेबल सचिन कुमार ने चित्रों और उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। बच्चों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों ने भी यातायात से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका टीम ने सरल और रोचक तरीके से जवाब दिया। उल्लेखनीय है कि अमन खुराना हेल्पिंग सोसाइटी पिछले तीन वर्षों से एक माह की निस्वार्थ ग्रीष्मकालीन कंप्यूटर कक्षाओं का आयोजन कर रही है। मात्र 300 रुपये शुल्क में बच्चों को वातानुकूलित हॉल, आरओ पेयजल, आधुनिक कंप्यूटर तथा डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में अमन खुराना ने जिला यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपस्थित बच्चों, शिक्षकों और पदाधिकारियों ने यातायात टीम का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया। यह सत्र बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और जागरूकता से भरपूर रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button