जालौन

चप्पल मारने की बेइज्जती का खौफनाक बदला, 15 वर्षों बाद महिला का किया कत्ल

24 घंटे में रामपुरा पुलिस ने महिला हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार किए

हत्यारोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल कुल्हाड़ी-डंडा, कपड़े बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। थाना रामपुरा क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बांस का डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
महिला की हत्या का खुलासा करते हुए एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि गत दिवस थाना रामपुरा में वादी देवेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी मां मीना देवी लगभग 50 वर्ष पत्नी स्वर्गीय कल्लू सिंह राजावत की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। शिकायत के आधार पर थाना रामपुरा में मुकदमा संख्या 51/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत लला उर्फ सहदेव सहित दो लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी एवं क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अम्बुज यादव के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया जिसके दौरान दोनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। पूंछतांछ में आरोपी रन सिंह उर्फ बसन्तू ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले मृतका मीना देवी का उसके पिता जन्ट सिंह से विवाद हुआ था। उस दौरान मीना देवी ने उसके पिता को चप्पलों से पीटा था जिससे वह स्वयं को अपमानित महसूस करता था और उसी घटना की रंजिश उसके मन में बनी हुई थी। वहीं दूसरे आरोपी लला उर्फ सहदेव ने बताया कि उसकी बेटी और मृतका की बेटी के ससुराल आपस में जुड़े हुए गांवों में हैं। मृतका की बेटी के ससुराल पक्ष से मुकदमेबाजी चल रही थी जिसके कारण मृतका उससे भी रंजिश रखती थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 1ध्2 जुलाई 2026 की रात जब मीना देवी घर में सो रही थीं तभी लला उर्फ सहदेव ने बांस के डंडे से और रन सिंह उर्फ बसन्तू ने कुल्हाड़ी के मुंदे हिस्से से उनके सिर पर कई वार किए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, डंडा और अपने खून से सने कपड़े नदी किनारे झाड़ियों में फेंककर वहां नहाकर लौट आए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बांस का डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जालौन पुलिस ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button