जालौन

बिना जांच के किसी भी शिकायत का निस्तारण न दर्शाया जाएःडीएम

संपूर्ण समाधान दिवस में 222 शिकायतों में 27 का मौके पर निस्तारण 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कोंच (जालौन)। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आज कोंच तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की 222 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका, विकास, समाज कल्याण, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा, बिजली, पेयजल, सड़क, सफाई एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई की। उमरी निवासी मीना देवी ने अमलदरामद कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना जांच के किसी भी शिकायत का निस्तारण न दर्शाया जाए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना प्राथमिकता रहेगी। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया तथा सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उनकी देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, उप जिलाधकारी हेमन्त पटेल आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button