कैराना
रास्ते में हादसा: अचानक बाइक सवार दंपत्ति पर गिरा पेड़, दोनों घायल
ऊँचागांव पीएचसी कैंप के पास हुआ हादसा, डायल-112 पुलिस ने तत्काल पहुंचाकर कराया सीएचसी में भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कांधला क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहे बाइक सवार दंपत्ति पर अचानक पेड़ गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार अफजाल पुत्र इकबाल निवासी गांव सदरपुर, कस्बा घरौंडा अपनी पत्नी राशिदा के साथ बाइक से कांधला क्षेत्र के मखमूलपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ऊँचागांव पीएचसी कैंप के निकट पहुंची, तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक पेड़ गिरने के कारण दंपत्ति को संभलने का मौका नहीं मिला और वे सीधे उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे जर्जर और सूखे पेड़ों की समय रहते छंटाई व हटवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।



