गाजियाबाद
22 जुलाई को होने वाले बूथ अध्यक्ष सत्यापन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा की रणनीतिक बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : भारतीय जनता पार्टी द्वारा 22 जुलाई 2026 को कारवां मैरिज होम में आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष फिजिकल वेरिफिकेशन सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर ऋषि मार्केट स्थित सुभाष जाटव के संस्थान पर जिला अध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण योजना बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर एक सहायक पदाधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रभारियों को प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ अध्यक्षों और उनकी समितियों का भौतिक सत्यापन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिन बूथों पर संगठनात्मक कमी पाई जाए, वहां आवश्यक सहयोगी नियुक्त करने तथा बूथ पालक एवं बूथ क्षेत्र में निवास करने वाले वरिष्ठ पदाधिकारियों की सूची पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठन से संबंधित आंकड़ों का सत्यापन केवल डिजिटल माध्यम या कागजी अभिलेखों तक सीमित न रहकर प्रत्येक कार्यकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क कर जमीनी स्तर पर किया जाए, ताकि संगठन की वास्तविक स्थिति का सही आकलन हो सके।
पदाधिकारियों ने आगामी सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों पर भी चर्चा की और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय, सशक्त एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
बैठक में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक रामकुमार त्यागी, मंडल प्रभारी एवं पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष आकाश गौतम व राजकुमार चौधरी, जिला मंत्री मनीष डागर एवं सीमा सैनी, जिला मीडिया प्रभारी ब्रह्ममेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष राहुल श्याम सुंदर, अश्वनी कुमार, जितेंद्र गुप्ता, मनीष चौहान, सुभाष कसाना, रविंद्र पंवार, सुरेश पाल, रवीश कुमार, प्रशांत झा, लालबहादुर सिंह, अनुज त्यागी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




