
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई/जालौन। जालौन जिले के ग्राम गणेश नगर के युवा संगीत साधक सत्यम पाठक ने अपनी प्रतिभा और वर्षों की साधना के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भजन गायक अनूप जलोटा ने उनकी गायकी से प्रभावित होकर उन्हें मुंबई आमंत्रित किया, अपना शिष्य स्वीकार किया और संगीत जगत के कई प्रतिष्ठित लोगों से परिचय भी कराया।
सत्यम ने बचपन से ही संगीत को अपना लक्ष्य बनाया। गांव और उरई में शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने प्रसिद्ध संगीत गुरु पंडित उमेश कंपूवाले से शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद ग्वालियर से बीपीए और एमपीए की डिग्रियां प्राप्त कर वहीं वैदिक म्यूजिक एकेडमी की स्थापना की, जहां वे नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की शिक्षा दे रहे हैं।
सत्यम की राह आसान नहीं रही। एक समय उन्हें एक चर्चित रियलिटी शो में मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। लगातार रियाज़ और समर्पण ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां उनकी कला ने स्वयं बड़े मंचों का रास्ता खोल दिया।
सत्यम पाठक की यह सफलता जालौन के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनका मानना है कि सच्ची लगन, धैर्य और निरंतर मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है।
